Top News

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डाक विभाग ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा


बक्सर, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक मंडल, बक्सर द्वारा गुरुवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने किया।



तिरंगा यात्रा बक्सर प्रधान डाकघर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं बाजारों का भ्रमण करते हुए निकली। यात्रा में डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों एवं डाक कर्मियों की उपस्थिति से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं अन्य देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।


तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया गया। डाक विभाग की ओर से आम नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की गई।

इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक (मुख्यालय) पुष्पेंद्र कुमार, शिकायत निरीक्षक आदित्य राज तथा बक्सर प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर प्रेम चंद कुमार सहित डाक मंडल एवं डाकघर के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सहभागिता ने यात्रा को और आकर्षक बना दिया।


राखी मेल पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट


इस अवसर पर डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने डाक विभाग की विभिन्न जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि राखी मेल में राखी की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग के माध्यम से लोग अपने भाई-बहनों तक राखी सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से भेज सकते हैं।


उन्होंने बताया कि डाकघरों में गंगाजल, राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) एवं राखी लिफाफा भी उपलब्ध कराया जा रहा है। 250 मिलीलीटर गंगाजल ₹30, राष्ट्रीय ध्वज ₹25 तथा राखी लिफाफा ₹10 में उपलब्ध है।


डाक अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना व्यक्त करें।तिरंगा यात्रा के माध्यम से डाक विभाग ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं जनसेवा का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह एवं गौरव के साथ मनाने का आह्वान किया।



Post a Comment

Previous Post Next Post
Bharat News Channel 24
Bharat News Channel 24

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume