Top News

जिला पदाधिकारी ने डॉ. अंबेडकर आवासीय विद्यालय, रामपुर का किया निरीक्षण*


*छात्रों की सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विद्यालय की आधारभूत संरचना को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।

आज दिनांक 03 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला द्वारा डॉ. अंबेडकर आवासीय विद्यालय, रामपुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रों के आवासन, भोजन, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला पदाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी, बक्सर को निर्देश दिया कि आवासीय विद्यालय में छात्रों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही, छात्रों को नियमानुसार सभी देय सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।


कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संध्या समय के बाद भी लाइब्रेरी खुली रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, लाइब्रेरी में छात्रों की आवश्यकतानुसार पर्याप्त एवं उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।


विद्यालय की आधारभूत संरचना के संबंध में सहायक अभियंता, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम को निर्देश दिया गया कि सभी कमरों का रंग-रोगन, दरवाजे एवं खिड़कियों की मरम्मत तथा शौचालयों की आवश्यक मरम्मति सहित अन्य जरूरी कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।


जिला कल्याण पदाधिकारी को विद्यालय में कंप्यूटर कक्षा शीघ्र प्रारंभ कराने, म्यूजिक से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा छात्रों के खेलकूद के लिए आवश्यक संसाधन एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


छात्रों के स्वास्थ्य की नियमित देखभाल के लिए सिविल सर्जन, बक्सर को मेडिकल टीम भेजकर सभी आवासित छात्रों की स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया गया।


विद्यालय की नियमित निगरानी एवं छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को प्रत्येक 15 दिनों पर विद्यालय का निरीक्षण करने तथा छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


जिला पदाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को विद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुरूप शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही, अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने अथवा बिना अनुमति विद्यालय से बाहर रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इसकी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।


निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय में आवासित सभी छात्रों से संवाद किया गया तथा उनके पठन-पाठन, आवासन एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने छात्रों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे तत्काल अपने शिक्षकों को अवगत कराएं। साथ ही, उन्होंने छात्रों से कहा कि आवश्यकता होने पर वे उप विकास आयुक्त, बक्सर एवं अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरांव को भी अपनी समस्याओं से अवगत करा सकते हैं।


निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त, बक्सर, सहायक समाहर्ता, बक्सर, जिला कल्याण पदाधिकारी, बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी, बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरांव, संबंधित अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।


Post a Comment

Previous Post Next Post
Bharat News Channel 24
Bharat News Channel 24

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume