Top News

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित*


*कायाकल्प अभियान, पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना, जनता दरबार, जमाबंदी सुधार, विद्युत उपकरण चोरी एवं सहयोग पोर्टल की हुई समीक्षा*

आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कायाकल्प मिशन, जनता दरबार के लंबित मामलों, विद्युत उपकरणों की चोरी, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जमाबंदी सुधार अभियान, सहयोग पोर्टल एवं अन्य संबंधित पोर्टलों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कायाकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज तथा नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा संबंधित कार्यों का निष्पादन किया जाना है।


जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक मरम्मत कार्य एवं सरकारी भवनों के रंग-रोगन का कार्य दीपावली से पूर्व शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमरांव को योजनावार नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


*प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार*


प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बक्सर को दशहरा पर्व के अवसर पर सभी पूजा पंडालों में कैंप, बैनर एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया, ताकि अधिक से अधिक विद्युत उपभोक्ता योजना का लाभ उठा सकें।


नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर प्रति घर 125 यूनिट से अधिक विद्युत खपत वाले वार्डों को चिन्हित करने तथा जिला जन संपर्क पदाधिकारी के समन्वय से जागरूकता हेतु स्टीकर तैयार कर संबंधित घरों में चिपकाने का निर्देश दिया गया।


अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमरांव को अपने-अपने अनुमंडल अंतर्गत समाज सेवी,जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया।


*विद्युत उपकरणों की चोरी के मामलों की समीक्षा*


विद्युत आपूर्ति विच्छेद एवं विद्युत उपकरणों की चोरी से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि *पुरुषोत्तमपुर, नुआंव एवं ब्रह्मपुर* में ट्रांसफॉर्मर के तेल चोरी की घटनाओं की सूचना प्राप्त हुई है तथा इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।


जिला पदाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत सभी कर्मियों का सत्यापन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।


*सहयोग पोर्टल एवं परिवादों के निष्पादन की समीक्षा*


समीक्षा के क्रम में पाया गया कि बक्सर जिले में लगभग 95 प्रतिशत परिवादों का निष्पादन किया जा चुका है। इस उपलब्धि के लिए संबंधित पदाधिकारियों की सराहना की गई। शेष लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करते हुए पोर्टल पर अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।


*जनता दरबार के लंबित मामलों की समीक्षा*


जनता दरबार में लंबित मामलों की समीक्षा में पाया गया कि अधिकांश मामले अंचल कार्यालयों से संबंधित हैं। सभी अंचल अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों की सुनवाई करते हुए कृत कार्रवाई प्रतिवेदन अनुश्रवण एवं शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।


*जमाबंदी सुधार अभियान की समीक्षा*


जमाबंदी सुधार अभियान की समीक्षा के दौरान भूमि सुधार उप समाहर्ता, बक्सर एवं डुमरांव को लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उनका यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


*आभा आईडी निर्माण में तेजी लाने का निर्देश*


जिला पदाधिकारी ने कहा कि आभा आईडी स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से नागरिक अपने स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों को डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकते हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।


इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक-जीविका, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी को क्रमशः विद्यालयों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सभी राशन कार्डधारियों का आभा आईडी बनवाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।


सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंड स्तर पर संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक आम नागरिकों का आभा आईडी बनवाने हेतु अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।


जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


Post a Comment

أحدث أقدم
Bharat News Channel 24
Bharat News Channel 24

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume