जिला समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश।
आज दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, स्वास्थ्य अभियानों, राजस्व संबंधी कार्यों तथा जन शिकायतों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
*बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्देश दिए गए:*
बिना पूर्व अनुमति के बैठक से प्रखंड विकास पदाधिकारी नवानगर, चक्की, केसठ, राजपुर एवं चौगाई, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी नवानगर एवं ब्रह्मपुर, अंचलाधिकारी चौगाई एवं बक्सर, जिला प्रबंधक,खाद्य निगम BMSICL के प्रतिनिधि एवं आईटी मैनेजर अनुपस्थित पाए गए। जिसके आलोक में जिला पदाधिकारी द्वारा अनुपस्थित पदाधिकारियों का एक दिन का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
*बायोमैट्रिक उपस्थिति की समीक्षा:* सभी प्रखंडों से औचक निरीक्षण के आधार पर बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रतिवेदन उसी दिन समर्पित करने हेतु विशेष कार्य पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
बक्सर शहर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन के निर्माण हेतु भूमि संबंधी प्रस्ताव शीघ्र समर्पित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। कनीय अभियंता बुडको को प्रस्ताव की अविलंब जांच कर उसमें पाई जाने वाली त्रुटियों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
*कायाकल्प अभियान:*
कायाकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों एवं विभागों द्वारा की गई प्रविष्टियों के आलोक में संबंधित कार्यों को अविलंब प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत जिले में सोलर पैनल अधिष्ठापन की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने हेतु कार्यपालक पदाधिकारी बक्सर एवं अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को निदेश दिया गया। साथ ही जिला जन संपर्क पदाधिकारी बक्सर एवं कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को समन्वय स्थापित कर मिशन प्रभाकिरण से आच्छादित लाभुकों से प्रतिक्रिया प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
*पर्व-त्योहार के मद्देनजर विधि-व्यवस्था:*
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमरांव को निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सभी संवेदनशील स्थलों का नियमित भ्रमण एवं सतत अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।
*टीबी मुक्त भारत एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान:*
जिले में संचालित दोनों अभियानों की समीक्षा की गई। सिविल सर्जन बक्सर को आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से टीकाकरण संबंधी अभियान प्रारंभ करने तथा अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर बच्चों के टीकाकरण की प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
*‘जांच एवं चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान:*
जिले में संचालित इस अभियान की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि अब तक फैटी लीवर के मामले अधिक सामने आए हैं। सिविल सर्जन बक्सर को अभियान का संचालन दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी निरंतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ताकि अधिकाधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
जिले की महादलित बस्तियों में विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं के आच्छादन की समीक्षा की गई।
जिला कल्याण पदाधिकारी को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
*राज्य स्तरीय एवं पंचायत सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन:*
राज्य स्तरीय सहयोग शिविर के अंतर्गत प्राप्त 137 आवेदनों में से 125 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 12 आवेदन लंबित हैं। वहीं पंचायत सहयोग शिविरों में प्राप्त 9,455 आवेदनों में से 8,734 का निष्पादन किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन के साथ-साथ सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
*जमाबंदी सुधार अभियान:*
समीक्षा के क्रम में प्रभारी पदाधिकारी
राजस्व शाखा द्वारा बताया गया कि मिसिंग लगान सुधार के कार्य में चौगाई, नवानगर एवं ब्रह्मपुर अंचलों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। सभी अंचल अधिकारियों को जमाबंदी सुधार अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अभियान के सभी घटकों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों एवं सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए विभागीय समन्वय, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें।


إرسال تعليق