आज दिनांक 19 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, विधि-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, विद्यार्थी सहयोग शिविर, श्रावणी मेला, गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाये गये कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर, उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर, जिला खनन पदाधिकारी बक्सर. से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। वहीं, कार्य में लापरवाही बरतने के कारण जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा, बक्सर के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करने का निर्देश दिया गया।
जहाँ अभी तक हस्तांतरण की कार्रवाई पूर्ण नहीं हुई है, वहाँ संबंधित प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। अपर समाहर्ता, बक्सर को सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों के साथ प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को विभिन्न संचारित मामलों का त्वरित संज्ञान लेते हुए दर्शायी गई समस्याओं की जाँच कर समयबद्ध रूप से आवश्यक कार्रवाई एवं समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*श्रावणी मेला एवं आपदा प्रबंधन की समीक्षा*
श्रावणी मेला के तहत दिनांक 24 अगस्त को अंतिम सोमवारी के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। बक्सर, डुमराँव एवं ब्रह्मपुर के प्रमुख घाटों एवं मंदिरों पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों की एक दिन पूर्व ब्रीफिंग कराने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमराँव को दिया गया।
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रमुख स्नान घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमराँव को गंगा किनारे के क्षेत्रों एवं बांधों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बक्सर को प्रमुख मंदिरों एवं घाटों के आसपास विद्युत प्रवाहित लटके एवं झूलते तारों तथा विद्युत खम्भों की जाँच कराने का निर्देश दिया गया। जहाँ कहीं भी तार लटके अथवा झूलते हुए पाए जाएँ, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराते हुए अनुपालन प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने को कहा गया।
*विद्यार्थी सहयोग शिविर को प्रभावी बनाने पर जोर*
जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थी सहयोग शिविर के सफल, सुव्यवस्थित एवं छात्रहित में प्रभावी आयोजन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर विद्यार्थियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में कार्य करे। शिविर में विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
*नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी*
नगर निकाय क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं कूड़ा उठाव आदि की निगरानी हेतु प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को प्रतिदिन सुबह अपने-अपने आवंटित वार्डों का निरीक्षण कर फोटोग्राफ्स एवं प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
*राजस्व एवं फॉर्मर रजिस्ट्री की समीक्षा*
जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को ई-मापी से संबंधित लंबित मामलों का एक सप्ताह के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही फॉर्मर रजिस्ट्री के शेष लक्ष्य को यथाशीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
CWJC/MJC की समीक्षा के दौरान सभी संबंधित पदाधिकारियों को ससमय तथ्य विवरणी तैयार करने का निर्देश दिया गया। प्रभारी पदाधिकारी, विधि शाखा, बक्सर को निर्देशित किया गया कि जिन कार्यालयों में एक-दो मामले लंबित हैं, उनसे समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के अंदर त्रुटिरहित तथ्य विवरणी प्राप्त करते हुए उसे अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
*कल्याणकारी योजनाओं की सफलता की कहानी उपलब्ध कराने का निर्देश*
बैठक में कृषि विभाग, कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, आपूर्ति विभाग एवं जीविका विभाग को निर्देश दिया गया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे लाभुकों की सफलता की कहानी तैयार कर जिला जन सम्पर्क कार्यालय, बक्सर को उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव एवं लाभुकों की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को अपने दायित्वों का प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

Post a Comment