Top News

राष्ट्रीय राजमार्ग 922 कुआवन गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी डंपर से बाइक की जोरदार टक्कर एक युवक की मौके पर ही मौत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी

 


भारत न्यूज़, 24 बक्सर : राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर गुरुवार की शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कुआंवन गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी डंपर से एक बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े.

मृतक की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी 18 वर्षीय सागर कुमार राम, पिता बीरेंद्र राम के रूप में हुई है. वहीं हादसे में हुलास टोला निवासी अमर कुमार यादव तथा बनाही निवासी मोहित कुमार जख्मी हो गए. इनमें अमर Kumar यादव की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर आरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कुआंवन गांव के पास सड़क किनारे खड़ी डंपर से उनकी बाइक टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार सड़क पर जा गिरे.

स्थानीय लोगों की मदद से जख्मियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद अमर कुमार यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. वहीं मोहित कुमार को उपचार के बाद घर भेज दिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. वहीं स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े वाहनों के कारण बढ़ रहे हादसों पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग की है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
Bharat News Channel 24
Bharat News Channel 24

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume